सई नदी में डूबे तीन युवकों के शव बरामद, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

मोहनलालगंज के जबरैला पुल के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ हादसा, करीब तीन किमी दायरे में तलाश के बाद प्रमोद का शव मिला

लखनऊ। मोहनलालगंज में मंगलवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसा जबरैला पुल के पास हुआ, जहां सिसेंडी गांव के लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे थे। नदी में एक युवक के डूबने के बाद उसे बचाने के लिए उतरे दो अन्य युवक भी गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

घटना के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश शुरू की। अंधेरा होने के बावजूद मंगलवार रात सर्च ऑपरेशन जारी रहा। बुधवार सुबह धीरज और हरिप्रसाद के शव बरामद होने के बाद तीसरे युवक प्रमोद की तलाश तेज कर दी गई।

करीब तीन किलोमीटर के दायरे में तलाश

एसडीआरएफ की दो टीमों ने नाव और बचाव उपकरणों के साथ पूरी रात सई नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। बुधवार सुबह धीरज (35) और हरिप्रसाद (40) के शव मिलने के बाद प्रमोद (22) की तलाश के लिए करीब तीन किलोमीटर के दायरे में अभियान चलाया गया। करीब 11:45 बजे एसडीआरएफ टीम ने प्रमोद का शव भी नदी से बरामद कर लिया।

शाम करीब 4:30 बजे हुआ हादसा

बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे सिसेंडी गांव के लोग करीब पांच किलोमीटर दूर से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जबरैला पुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान धीरज नदी में गहराई की ओर चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए हरिप्रसाद नदी में उतर गए, लेकिन वह भी पानी में डूबने लगे। इसी बीच प्रमोद भी दोनों को बचाने के प्रयास में नदी में चला गया। इसके बाद तीनों का पता नहीं चला।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/fitch-india-gdp-growth-forecast-6-9/

पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। बुधवार को तीनों शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद सिसेंडी गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button