- दवा दिलाने के नाम पर तीमारदारों से रकम वसूलने का आरोप
- निजी अस्पताल में बेड दिलाने का भी करते थे दावा
- मेडिकल स्टोर और नर्सिंग होम से कमीशन लेने की जांच
लखनऊ। KGMU ट्रॉमा सेंटर में मरीजों और तीमारदारों से कथित दलाली के मामले को लेकर सोमवार और मंगलवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा। आरोप है कि ये लोग मरीजों और उनके तीमारदारों को दवा उपलब्ध कराने तथा निजी अस्पताल में बेड दिलाने के नाम पर रकम वसूलते थे।
जरूरतमंदों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, दलाली करने वाले संदिग्ध ट्रॉमा सेंटर में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों पर नजर रखते थे। जरूरतमंद मरीज या तीमारदार मिलने पर उनसे संपर्क कर सस्ती दर पर दवा उपलब्ध कराने और निजी अस्पताल में बेड दिलाने का दावा करते थे।
दवा के नाम पर वसूली का आरोप
पुलिस ने दवा की दलाली के आरोप में ऋषभ और फैज को पकड़ा है। जांच में दोनों के तार मेडिकल चौराहा स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर से जुड़े होने की बात सामने आई है। आरोप है कि दवा उपलब्ध कराने के बदले मेडिकल स्टोर और नर्सिंग होम से कमीशन लिया जाता था।
मरीज की मजबूरी को बनाया कमाई का जरिया
ट्रॉमा सेंटर में गंभीर मरीजों के इलाज के दौरान डॉक्टरों की ओर से लिखी गई दवाइयों की तत्काल जरूरत होती है। इसी जरूरत को संदिग्ध अपनी कमाई का जरिया बनाते थे। तीमारदारों से दवा की आवश्यकता बताकर संपर्क किया जाता और दवा उपलब्ध कराने के नाम पर रकम ली जाती थी।









