अंबेडकरनगर। पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। 31 अगस्त को हुई सैनिक बंधु बैठक में नवीनीकरण से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की गई। इसके बाद जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय ने पूर्व सैनिकों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सबसे अहम निर्देश उन पूर्व सैनिकों के लिए है, जिनके शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण अभी लंबित है। ऐसे पूर्व सैनिकों को 25 सितंबर 2026 तक अपना शस्त्र संबंधित पुलिस थाने में जमा करना होगा। नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक शस्त्र अपने पास रखने से जुड़ी वैधानिक परेशानी से बचने के लिए यह कदम उठाने को कहा गया है।
एनओसी का इंतजार खत्म, अब नया आवेदन
जिन पूर्व सैनिकों के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए संबंधित जिले से अभी तक एनओसी नहीं मिली है, उन्हें भी आवश्यकतानुसार नया आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अपने मामले की जानकारी जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय को देनी होगी।
कार्यालय के अनुसार इस संबंध में संबंधित जिलों को पहले ही डीओ लेटर और अनुस्मारक भेजे जा चुके हैं।
एनओसी मिल गई तो भी आवेदन करना होगा
जिन पूर्व सैनिकों को संबंधित जिले से एनओसी मिल चुकी है, उन्हें भी शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण के लिए नया आवेदन तत्काल प्रस्तुत करना होगा। इससे उनके मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।
रोजगार या सुरक्षा ड्यूटी के लिए शस्त्र लाइसेंस की आवश्यकता वाले पूर्व सैनिकों को भी नया आवेदन अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।









