इको गार्डन में पंचायत सहायकों का प्रदर्शन

चंद्रशेखर आजाद बोले- मांगें पूरी होने तक नहीं रुकेंगे

  • एक सप्ताह से मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं प्रदेशभर के पंचायत सहायक
  • भीषण गर्मी में छाता लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे कर्मचारी
  • नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पहुंचकर पंचायत सहायकों को दिया समर्थन
  • 6 हजार रुपये मानदेय बढ़ाकर 30 हजार करने की मांग

लखनऊ। इको गार्डन में पंचायत सहायक कर्मचारियों का प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पंचायत सहायक पिछले एक सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। शनिवार को भीषण गर्मी के बीच प्रदर्शनकारी छाता लेकर धरनास्थल पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।

चंद्रशेखर आजाद पहुंचे समर्थन देने

पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया। चंद्रशेखर आजाद को देखने के लिए उनके समर्थक पेड़ पर चढ़ गए।

इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जब तक उनके भाइयों की मांगें पूरी नहीं होंगी, वह किसी की मांग नहीं भरेंगे।

मानदेय बढ़ाने की मांग

पंचायत सहायकों की प्रमुख मांग मानदेय बढ़ाने की है। उनका कहना है कि उन्हें वर्तमान में सिर्फ 6 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। पंचायत सहायकों ने इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है।

ऑनलाइन और प्रशासनिक काम संभालने का दावा

प्रदर्शनकारी पंचायत सहायकों का कहना है कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर ऑनलाइन और प्रशासनिक कार्यों को संभालते हैं। इसके बावजूद उन्हें कम मानदेय दिया जा रहा है।

उनका आरोप है कि कम मानदेय के बावजूद उनसे लगातार ज्यादा काम लिया जा रहा है। पंचायत सहायकों ने इसे शोषण बताते हुए सरकार से अपनी सेवा से जुड़ी अन्य मांगों को भी पूरा करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button