घायल की मौत के बाद खुली लाठीकांड की परत, दो गिरफ्तार

कुर्की बाजार में मारपीट के बाद रामकिशुन की इलाज के दौरान मौत, निशानदेही पर दो डंडे बरामद

अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्की बाजार में 13 सितंबर को हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में गंभीर रूप से घायल रामकिशुन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या समेत अन्य धाराएं बढ़ा दीं। मंगलवार को पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो डंडे भी बरामद किए। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, कुर्की बाजार निवासी आशाराम ने 13 सितंबर को तहरीर दी थी। आरोप था कि उनके बड़े चाचा रामकिशुन को अंश यादव उर्फ डब्बू यादव, पवन मौर्य और कुछ अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा था। मारपीट में रामकिशुन गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति का भी उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

निशानदेही पर दो डंडे बरामद

पुलिस ने जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या समेत अन्य धाराएं बढ़ाईं। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी। मंगलवार को पुलिस ने अंश यादव उर्फ डब्बू और आनंद यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक अंश यादव (22) खपुरा खानपुर शाह सुलेमपुर, अकबरपुर का रहने वाला है, जबकि आनंद यादव (24) कंदियापुर, मालिपुर निवासी है। पूछताछ के बाद अंश की निशानदेही पर एक डंडा और आनंद की निशानदेही पर दूसरा डंडा बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button