अबू धाबी में होगा IIFA 2027

सलमान, करीना, शाहिद समेत कई सितारे होंगे शामिल

मुंबई। इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी यानी IIFA अवॉर्ड्स का 27वां संस्करण 22 और 23 जनवरी 2027 को अबू धाबी में आयोजित किया जाएगा। दो दिन तक चलने वाले इस समारोह में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकार, फिल्ममेकर और म्यूजिक आर्टिस्ट शामिल होंगे। सलमान खान, करीना कपूर खान, शाहिद कपूर, करण जौहर, वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, पंकज त्रिपाठी और अली फजल समेत कई सितारों के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है।

यास आइलैंड पर होगा आयोजन

IIFA 2027 का आयोजन अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में होगा। अबू धाबी में यह IIFA का चौथा आयोजन होगा। कार्यक्रम का आयोजन डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म अबू धाबी और मिराल के साथ साझेदारी में किया जाएगा।

दो दिन चलेगा समारोह

दो दिवसीय IIFA समारोह में अवॉर्ड्स सेरेमनी के साथ बॉलीवुड सितारों की खास परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी। इस दौरान हिंदी सिनेमा से जुड़े कलाकारों, फिल्ममेकर्स और संगीत जगत की हस्तियों की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा के बड़े आयोजनों में शामिल किया जाता है।

2026 का आयोजन हुआ आगे

IIFA 2026 को पहले अगस्त-सितंबर के दौरान साउथ-ईस्ट एशिया में आयोजित करने की योजना थी। हालांकि, बड़े स्तर पर तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय तारीखों के तालमेल के चलते आयोजकों ने कार्यक्रम को आगे बढ़ाकर 2027 की शुरुआत में आयोजित करने का फैसला किया।

2025 में ‘लापता लेडीज’ का जलवा

IIFA का सिल्वर जुबली समारोह 8 और 9 मार्च 2025 को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुआ था। इस समारोह में बॉलीवुड की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। अभिनेता कार्तिक आर्यन और फिल्ममेकर करण जौहर ने कार्यक्रम को को-होस्ट किया था।

समारोह में किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 प्रमुख अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे। फिल्म को बेस्ट पिक्चर और बेस्ट डायरेक्टर समेत कई प्रमुख श्रेणियों में सम्मान मिला था।

2000 में हुई थी शुरुआत

IIFA अवॉर्ड्स की शुरुआत साल 2000 में हुई थी। इसका उद्देश्य हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की फिल्मों, कलाकारों और तकनीकी टीमों की उपलब्धियों को सम्मानित करना है। पहला IIFA समारोह 24 जून 2000 को लंदन के मिलेनियम डोम में आयोजित हुआ था। इस समारोह में फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला था।

दुनिया के कई देशों में आयोजन

IIFA की खासियत इसका अंतरराष्ट्रीय आयोजन है। शुरुआत में यह एक रात का पुरस्कार समारोह था, लेकिन समय के साथ इसका विस्तार हुआ और यह कई दिनों तक चलने वाले बड़े मनोरंजन कार्यक्रम में बदल गया। भारत के अलावा दुनिया के अलग-अलग देशों में इसके समारोह आयोजित किए जाते रहे हैं।

अब IIFA 2027 के लिए अबू धाबी को चुना गया है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में अवॉर्ड्स, लाइव परफॉर्मेंस और बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी मुख्य आकर्षण रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button