नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को वरिष्ठ IAS अधिकारी मंदीप के भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। 2001 बैच के AGMUT कैडर के अधिकारी भंडारी वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब पिछले चार महीनों में CBSE के शीर्ष पद पर यह तीसरा बदलाव है।
इससे पहले मई तक IAS अधिकारी राहुल सिंह CBSE के चेयरपर्सन थे। 2 जून को उन्हें पद से हटा दिया गया था। इसके बाद IAS अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को CBSE चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। अब केंद्र ने मंदीप के भंडारी को नियमित रूप से इस पद की जिम्मेदारी दी है।
OSM विवाद के बीच हटाए गए थे राहुल सिंह
राहुल सिंह को CBSE के चेयरपर्सन पद से हटाए जाने की कार्रवाई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था को लेकर उठे विवाद के बीच हुई थी। इस साल CBSE ने पहली बार 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कंप्यूटर स्क्रीन पर करने की व्यवस्था लागू की थी।
13 मई को 12वीं का परिणाम जारी होने के बाद कई छात्रों ने अपने अंकों को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बाद OSM व्यवस्था को लेकर सवाल उठे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/submarine-cable-indian-ocean-chennai-digital-hub/
चार महीने में तीसरा चेहरा
CBSE में लगातार हो रहे नेतृत्व परिवर्तन को परीक्षा व्यवस्था और मूल्यांकन प्रणाली से जुड़े घटनाक्रम के संदर्भ में देखा जा रहा है। अब मंदीप के भंडारी के सामने बोर्ड की परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था को आगे बढ़ाने के साथ हाल के विवादों से जुड़े मुद्दों को संभालने की जिम्मेदारी होगी।









