अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत दुलहूपुर स्थित महात्मा गोविंद साहब इंटर कॉलेज परिसर में कार्यक्रम हुआ। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर चर्चा की गई।
अनुसूचित जाति जनजाति आयोग की सदस्य और पूर्व विधायक अनीता कमल ने शिशुओं का अन्नप्राशन कराया। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की गई। उन्हें पौष्टिक आहार और जरूरी सामग्री वितरित की गई।
गर्भावस्था में जांच और पोषण पर जोर
अनीता कमल ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच और साफ-सफाई पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मां और बच्चे का बेहतर स्वास्थ्य परिवार के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में महिलाओं को बच्चों के पोषण और गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
अन्नप्राशन से शुरू होता है पोषण का नया चरण
बाल विकास परियोजना अधिकारी भियांव शेषनाथ वर्मा ने बताया कि अन्नप्राशन बच्चे के जीवन में पोषण के नए चरण की शुरुआत है। गोदभराई के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, सुपरवाइजर पूर्णिमा चौधरी, संगम, कुसुम सिंह, ग्राम पंचायत सचिव विनय वर्मा और पूर्व प्रधान हृदयनारायण समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/sansthanik-dhan-gadbad-pradhanacharya-yachika-kharij/









