महीनों से वेतन नहीं मिलने पर बी-पैक्स सचिवों ने सौंपा ज्ञापन

प्रभारी एसडीएम को दिया पत्र, राजकीय सहायता से वेतन भुगतान की मांग; सात अक्तूबर को लखनऊ में धरने की चेतावनी

अंबेडकरनगर। बी-पैक्स पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को बी-पैक्स सचिव संघ ने प्रभारी एसडीएम राहुल गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष वशिष्ठ शुक्ला और सतिराम यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

साधन समिति सचिव परिषद, उत्तर प्रदेश के लेटरपैड पर दिए ज्ञापन में कहा गया कि जिले की बी-पैक्स समितियों में कार्यरत कैडर सचिव, नॉन कैडर व प्रभारी सचिव, आंकिक, लिपिक, विक्रेता, सहयोगी और चौकीदारों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों ने राजकीय सहायता से वेतन भुगतान कराने की मांग की।

लखनऊ में धरने की चेतावनी

जिलाध्यक्ष वशिष्ठ शुक्ला ने कहा कि बी-पैक्स कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता और कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में काम करते हैं। उन्होंने कहा कि वेतन लंबित होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानी है। ज्ञापन में कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों का वेतन भी वर्षों से लंबित होने का उल्लेख किया गया है।

सचिव संघ ने चेतावनी दी कि मांगों के समाधान के लिए सात अक्तूबर को आयुक्त एवं निबंधक कार्यालय, लखनऊ में धरना दिया जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर एक से पांच नवंबर तक कार्य बहिष्कार, तालाबंदी और सामूहिक त्यागपत्र जैसे कदम उठाने की बात कही गई है।

इस दौरान महामंत्री जसवंत यादव, राकेश मिश्रा, बागीश पांडे, रजनीश मिश्रा, कुलदीप तिवारी, नीरज त्रिपाठी, अनुराग कुमार, अनिल सिंह, महेंद्र सिंह समेत दो दर्जन से अधिक सचिव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button