इस्लामाबाद। पाकिस्तान में रसोई गैस यानी LPG की सप्लाई प्रभावित होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ईरान से होने वाली LPG की आपूर्ति रुकने के बाद बाजार में सिलेंडर के दाम तेजी से बढ़े हैं। 12 किलो के सिलेंडर की कीमत कुछ ही दिनों में 4500 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर 7000 रुपये हो गई है। यानी कीमत में 2500 रुपये का इजाफा हुआ है।
17 अक्टूबर से बंद हैं दो प्रमुख सीमा चौकियां
पाकिस्तान और ईरान के बीच दो प्रमुख सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं। दोनों देशों ने इन्हें बंद करने की अलग-अलग वजह बताई है। पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने को कारण बताया है, जबकि ईरान ने तकनीकी वजहों का हवाला दिया है।
पाकिस्तान अपनी कुल LPG जरूरत का करीब 50 प्रतिशत ईरान से आयात करता है। ऐसे में सीमा चौकियां बंद होने से गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है और बाजार में कीमतें बढ़ गई हैं।
ओमान और इराक से आयात पर भी असर
पाकिस्तान अपनी कुल LPG जरूरत का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ईरान के अलावा इराक और ओमान से भी गैस की आपूर्ति होती है। पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के मुताबिक, देश में प्रतिदिन करीब 6500 से 7000 टन LPG की जरूरत होती है। इसमें से 2000 से 2500 टन गैस घरेलू स्तर पर तैयार होती है, जबकि बाकी मांग आयात से पूरी की जाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान से जुड़े युद्ध के कारण पैदा हुई बाधाओं से इराक और ओमान से होने वाला आयात भी प्रभावित हुआ है। इससे पाकिस्तान में LPG की उपलब्धता पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है।
सरकारी कीमत से दोगुने से ज्यादा में बिक रहे सिलेंडर
पाकिस्तान के तेल एवं गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) ने 11.8 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 3296 पाकिस्तानी रुपये तय की है। इसके बावजूद बाजार में सिलेंडर इससे काफी अधिक कीमत पर बिक रहे हैं।
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर के मुताबिक, बलूचिस्तान में 12 किलो का सिलेंडर करीब 7000 रुपये, लाहौर में 7500 रुपये और स्कर्दू में 8200 रुपये तक में बेचा जा रहा है। बढ़ती कीमतों से घरेलू बजट पर दबाव बढ़ गया है और आम उपभोक्ताओं को गैस के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।









