लखनऊ में महिला का आरोप: शादीशुदा होते हुए छिपाई पहली शादी

बाराबंकी के रामनगर ब्लॉक प्रमुख पति पर मारपीट, शारीरिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप; महिला थाने में मुकदमा दर्ज

लखनऊ। इंदिरानगर निवासी बिंदु तिवारी ने अपने पति संजय तिवारी पर धोखे से शादी करने, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने तथा मारपीट कर बेटे के साथ घर से निकालने का आरोप लगाया है। संजय तिवारी बाराबंकी के रामनगर ब्लॉक प्रमुख हैं। महिला के मुताबिक, पति ने खुद को अविवाहित बताकर 21 नवंबर 2000 को उससे शादी की थी, जबकि वह पहले से शादीशुदा था और उसकी तीन बेटियां थीं। बिंदु का कहना है कि शादी के करीब आठ महीने बाद उसे पति की पहली शादी के बारे में पता चला।

कमरे में बंद कर पीटने का आरोप

बिंदु तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पहली शादी के बारे में सवाल करने पर पति उसे कमरे में बंद कर पीटता था। कई बार बाहर से ताला लगाकर चले जाने के कारण उसे भूखे-प्यासे रहना पड़ता था। महिला ने जबरन शारीरिक शोषण कराने और कई बार गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है।

शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2005 में बेटे के जन्म के बाद उसके साथ भी मारपीट की जाती थी। बिंदु का आरोप है कि संजय तिवारी कई बार उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश कर चुका है।

दूसरी महिला से संबंध का विरोध करने पर पिटाई का आरोप

बिंदु के अनुसार, वर्ष 2024 में उसके पति के खुशबू शुक्ला नाम की महिला से संबंध हो गए। इसका विरोध करने पर 29 नवंबर 2025 को उसे और उसके बेटे को फार्म हाउस पर बुलाया गया। महिला का आरोप है कि वहां पति ने अपने गार्डों के साथ मिलकर लात-घूंसों और डंडों से उनकी पिटाई की और फिर घर से निकाल दिया।

जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

बिंदु तिवारी का आरोप है कि संजय तिवारी अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे और उसके बेटे को जान से मरवाने की धमकी देते हैं। महिला थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों के संबंध में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button