अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण रविवार को जिले में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बूथों पर सुना। 25 अक्टूबर को प्रसारित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने इसकी 12 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए देशवासियों के परिश्रम, समर्पण और सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने दीपावली पर स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने, स्वच्छता बनाए रखने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की। उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन और पारंपरिक कृषि से जुड़े जनभागीदारी के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन देने की अपील
कुर्की मंडल के बुढ़नपुर स्थित बूथ संख्या 135 पर भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीरज वर्मा ने कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों के योगदान को सामने लाने का माध्यम है।
केदारनगर मंडल के धर्मूपुर स्थित बूथ संख्या 94 पर जिला प्रवासी अवधेश पांडेय बादल ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्यमियों और पारंपरिक हुनर को प्रोत्साहित करने वाला है। त्योहारों पर स्वदेशी और स्थानीय उत्पाद अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सकता है।
इसी मंडल के बूथ संख्या 95 पर भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देशभर में समाजहित के लिए काम करने वाले लोगों के प्रयासों को सामने लाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सामाजिक सहभागिता से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।









