सरस मेले में सजा ग्रामीण महिलाओं के हुनर का बाजार, सात नवंबर तक खरीदारी का मौका

शिवबाबा परिसर में 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों ने लगाए स्टॉल, एमएलसी हरिओम पांडेय और विधायक धर्मराज निषाद ने किया शुभारंभ

अम्बेडकरनगर। ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार तक पहुंचाने के लिए गुरुवार को अकबरपुर के शिवबाबा परिसर में तीन दिवसीय जनपद स्तरीय सरस मेला-2026 का शुभारंभ हुआ। एमएलसी हरिओम पांडेय और कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले में 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। यहां हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खाद्य पदार्थ और स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार पर हुई चर्चा

शुभारंभ के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और बिक्री के बारे में जानकारी ली। हरिओम पांडेय ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरस मेले के माध्यम से उनके उत्पादों को बाजार और हुनर को पहचान मिलती है। उन्होंने महिलाओं से उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।

मेले में खरीदारी कर बढ़ाएं महिलाओं का उत्साह

विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने लोगों से मेले में पहुंचकर महिलाओं के बनाए उत्पाद खरीदने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button