- खूंटी के कर्रा में स्कूटी सवार को बचाने पहुंचे थे ग्रामीण; सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदकर ड्राइवर और खलासी फरार
झारखंड। झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। एक व्यक्ति घायल हुआ है।
मृतकों में दो परिवारों के सदस्य शामिल हैं। इनमें चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे में बिरसा नायक की मां, बेटी और नाती की जान चली गई। वहीं, दूसरे परिवार से राजेश की मां, पत्नी और दो बेटियों की मौत हो गई।
स्कूटी सवार को निकालने के लिए झाड़ी में पहुंचे थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोशांबी कॉलोनी के पास एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ी में घुस गया था। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ लोग झाड़ी में फंसे युवक को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे।
इस दौरान महिलाएं और बच्चे सड़क पर खड़े थे। तभी तोरपा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सात लोगों की जान चली गई।
हादसे के बाद ट्रेलर छोड़कर भागे ड्राइवर और खलासी
हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है।









