अंबेडकरनगर। किसी का मोबाइल फोन खो गया था तो किसी का गुम होने के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। ऐसे लोगों के लिए अंबेडकरनगर पुलिस की मोबाइल रिकवरी सेल ने राहत पहुंचाई है। पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और जनसुनवाई में मिले प्रार्थना पत्रों के आधार पर 185 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे।
तकनीकी निगरानी से तलाशे गए 185 मोबाइल
मोबाइल बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक देवेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सर्विलांस अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल की मोबाइल रिकवरी टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल से मिले तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया। इसके आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में गुम मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया। जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को भी अभियान में शामिल किया गया।
फोन मिलते ही खिल उठे मालिकों के चेहरे
बरामद मोबाइलों को जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया। लंबे समय से फोन मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को जब उनका मोबाइल वापस मिला तो उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। बरामद किए गए 185 मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 37 लाख रुपये बताई गई है।









