बांग्लादेश के 21 जिलों में हिंसा, बसों-ट्रेनों में लगाई आग

शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बिगड़े हालात; 24 घंटे में 22 वाहनों को बनाया निशाना, बस में आग लगने से ड्राइवर की मौत

ढाका। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक देश के कम से कम 21 जिलों में आगजनी और बम धमाकों की घटनाएं सामने आईं। कई बसों और ट्रेन के कोच को आग के हवाले कर दिया गया। हालात को देखते हुए सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों के गेट भी बंद कर दिए गए।

बांग्लादेश पुलिस और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 11 जिलों में 22 वाहनों में आग लगाई गई। वहीं, ढाका और छह अन्य जिलों में कम से कम 28 स्थानों पर देसी बम धमाकों की घटनाएं हुईं।

शेख हसीना की पार्टी के समर्थकों पर आरोप

पुलिस मुख्यालय ने इन घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी के समर्थकों का हाथ होने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हसीना की बांग्लादेश वापसी की घोषणा के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हुईं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।

बस में आग लगने से ड्राइवर की मौत

सोमवार देर रात फरीदपुर शहर के गोलाचामट इलाके में न्यू बस टर्मिनल पर खड़ी एक बस में आग लगा दी गई। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे थे। इनमें से एक व्यक्ति ने बस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

घटना के समय बस चालक मोहम्मद कलाचन अंदर सो रहे थे। आग लगने के बाद वह किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन धुएं के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कलाचन गोपालगंज जिले के मुक्सुदपुर उपजिला के दिगनगर गांव के निवासी थे।

कई जिलों में बसों और वाहनों को बनाया निशाना

चट्टोग्राम के पहाड़तली इलाके के सागरिका और कलूरघाट में दो यात्री बसों में आग लगा दी गई। बरगुना के बेतागी में नगर निगम के ट्रक और मानिकगंज बस स्टैंड पर खड़ी एक बस को भी फूंक दिया गया। नाओगांव में अल बराका परिवहन की दो बसें आग की चपेट में आ गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button