अंबेडकरनगर। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को अंबेडकरनगर पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पांच साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उस समय अयोध्या के विकास के लिए क्या किया। अब चुनाव नजदीक आने पर उन्हें सनातन धर्म और हिंदुत्व की याद आ रही है।
राजभर ने अयोध्या में राम मंदिर और हनुमानगढ़ी को लेकर भी सपा अध्यक्ष पर टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की सरकार के दौरान हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ी गई थी। तंज कसते हुए कहा कि यदि सपा की सरकार बन गई तो मंदिर के भीतर भी नमाज पढ़वाने की बात करेंगे। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।
काशी, अयोध्या और मथुरा में दर्शन को लेकर उठाए सवाल
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव अब अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक केंद्र बनाने की बात कर रहे हैं, लेकिन काशी, अयोध्या और मथुरा जाने के बावजूद उन्होंने दर्शन नहीं किए। उनके मुताबिक, सपा अध्यक्ष को अब समझ में आ रहा है कि केवल मुस्लिम और यादव मतदाताओं के सहारे राजनीति नहीं की जा सकती। इसी वजह से वह सनातन धर्म की बात कर रहे हैं। इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘दुविधा में दोनों गए, माया मिली न राम।’
ब्राह्मण सम्मेलन और पीडीए पर भी साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री ने सपा के ब्राह्मण सम्मेलन और पीडीए की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अलग-अलग वर्गों को साधने के लिए बयान देते हैं, लेकिन पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का व्यवहार उनके दावों से मेल नहीं खाता। सपा में अनुशासन की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने नेताओं के कथित धमकी भरे बयानों का भी जिक्र किया।









