यूपी में बढ़ने लगी ठंड, 20 शहरों में कोहरा

गाजियाबाद सबसे प्रदूषित, AQI 338 पहुंचा- रदोई 13 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, कुशीनगर और बलिया समेत प्रदेश के करीब 20 शहरों में कोहरा छाया रहा। लखीमपुर में कोहरे का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहां दृश्यता घटकर करीब आठ मीटर रह गई। इस कारण सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ठंड बढ़ने के साथ प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण भी गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। पांच शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण अगले दो दिनों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।

गाजियाबाद सबसे प्रदूषित, AQI 338

प्रदेश में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, गाजियाबाद 338 AQI के साथ सबसे प्रदूषित शहर रहा। मेरठ में 328, शामली और नोएडा में 311-311, जबकि बुलंदशहर में 304 AQI दर्ज किया गया।

इन सभी शहरों में AQI 300 से ऊपर रहने का मतलब है कि हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। ऐसे में सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

हरदोई में 13 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है और प्रदेश के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button