लखनऊ। लखनऊ में 68500 सहायक शिक्षक भर्ती के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी सोमवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का आवास घेरने पहुंच गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को हटाने और पकड़ने की कोशिश की तो कई अभ्यर्थी जमीन पर लेट गए। इस दौरान उन्होंने ‘केशव चाचा बाहर आओ’ के नारे भी लगाए।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उठाकर बस में बैठाया और प्रदर्शन स्थल इको गार्डन भेज दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया और आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों का अब तक समाधान नहीं हुआ है।
2018 की भर्ती से जुड़ा है मामला
प्रदेश में वर्ष 2018 में बेसिक सहायक अध्यापक के 68,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसमें शामिल रहे अभ्यर्थियों में से करीब 6,800 ओबीसी अभ्यर्थी भर्ती के बाद से आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, उनका आंदोलन पिछले 79 दिनों से जारी है। वे इको गार्डन में धरना दे रहे हैं। इससे पहले भी वे पिछड़ा वर्ग से जुड़े मंत्रियों के आवास का घेराव कर चुके हैं।
पांच प्रतिशत छूट नहीं मिलने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को पांच प्रतिशत की छूट का लाभ नहीं दिया गया। उनका कहना है कि आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर कर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री से वार्ता और नियुक्ति की मांग
अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री मामले में हस्तक्षेप कर नियुक्ति का रास्ता साफ कराएं। प्रदर्शनकारियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन कराने की भी मांग उठाई।









