अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय मिर्गी दिवस के अवसर पर महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का मंगलवार को समापन हुआ। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में चिकित्सकों को मिर्गी के आधुनिक उपचार, समय पर पहचान और मरीजों के बेहतर प्रबंधन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विशेषज्ञ एम्स नई दिल्ली की न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. ममता भूषण सिंह ने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि मिर्गी कोई अभिशाप या लाइलाज बीमारी नहीं है, बल्कि यह एक सामान्य न्यूरोलॉजिकल विकार है। सही समय पर बीमारी की पहचान, नियमित दवाओं के सेवन और वैज्ञानिक उपचार से इस पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
समय पर पहचान और नियमित दवाएं हैं जरूरी
डॉ. ममता भूषण सिंह ने कहा कि मिर्गी को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां और अंधविश्वास प्रचलित हैं। इनकी वजह से कई बार मरीजों को समय पर उचित चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल पाती। ऐसे में चिकित्सकों की जिम्मेदारी है कि वे मरीजों और उनके परिजनों को बीमारी के वास्तविक स्वरूप तथा उपचार के बारे में सही जानकारी दें।
उन्होंने मिर्गी के कारणों, लक्षणों और दवाओं के चयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही बताया कि मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार का चयन और नियमित चिकित्सकीय निगरानी बेहतर प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है।









