अम्बेडकरनगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार को जिले के सभी 2149 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में मतदाता सूची को लेकर विशेष गतिविधियां संचालित की गईं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह के साथ अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहजादपुर स्थित श्री गणेश कृष्णा जेटली इंटर कॉलेज और अकबरपुर के बीएन इंटर कॉलेज में बने बूथों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बीएलओ को बूथों पर मौजूद रहने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथों पर आने वाले नागरिकों को मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाए।
उन्होंने विशेष रूप से पात्र युवाओं और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। साथ ही नाम जोड़ने, संशोधन और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के लिए पात्र नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके।









