रास्ते में भैंस बांधने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, आठ घायल

आबादी की जमीन पर कब्जे और रास्ते को लेकर भिड़े ग्रामीण, लाठी-डंडे और फावड़े चले; एक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

हजपुरा (अम्बेडकरनगर)। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मछली गांव में आबादी की जमीन पर रास्ते में भैंस बांधने को लेकर रविवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से लाठी-डंडे और फावड़े चलने लगे। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

भैंस बांधने का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद
मछली गांव निवासी रविंद्र यादव और सुभाषचंद्र यादव के बीच आबादी की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि सुभाषचंद्र विवादित जमीन पर रास्ते में भैंस बांधते हैं। रविवार सुबह रविंद्र पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद लाठी-डंडों और फावड़े से हमला शुरू हो गया। अचानक हुए संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

दोनों पक्षों के चार-चार लोग घायल
मारपीट में एक पक्ष से रविंद्र, जितेंद्र, योगेंद्र और रामजीत घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से सुभाषचंद्र यादव, रमेश, सौम्या और हरिश्चंद्र को चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। रामजीत की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button