एनटीपीसी टांडा में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

दो स्थानों पर आग लगने का किया गया अभ्यास

अंबेडकरनगर। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को परखने के लिए रविवार शाम छह बजे एनटीपीसी टांडा परिसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में नागरिक सुरक्षा के तहत हुए इस अभ्यास में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और एनटीपीसी के विभिन्न विभागों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का आकलन करना और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करना था।

सायरन बजते ही शुरू हुई आपातकालीन प्रक्रिया

निर्धारित समय पर परिसर में ब्लैकआउट की प्रक्रिया अपनाई गई। हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन के जरिए आपातकालीन स्थिति का संकेत दिया गया। इसके बाद सुरक्षित निकासी, आग बुझाने, फंसे हुए लोगों को बचाने और घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने जैसी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। सभी संबंधित एजेंसियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समन्वय के साथ कार्रवाई की।

दो स्थानों पर आग लगने का किया गया प्रदर्शन

अभ्यास के दौरान प्रशासनिक भवन और प्लांट क्षेत्र में हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति दर्शाई गई। इसके तहत दो स्थानों पर आग लगने का सजीव प्रदर्शन किया गया। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर आग पर नियंत्रण पाने का अभ्यास किया।

घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया परखी

मॉक ड्रिल में एक व्यक्ति के हताहत होने की स्थिति भी प्रदर्शित की गई। उसे तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल की टीम ने आवश्यक उपचार तथा चिकित्सा प्रबंधन की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

इस दौरान सुरक्षित निकासी से लेकर अग्निशमन और चिकित्सा सहायता तक विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया और आपसी तालमेल को परखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button