
- जनवरी 2010 से नवंबर 2019 के बीच का मामला
- RHFL और ADAG से जुड़े तत्कालीन अधिकारी जांच के घेरे में
- बैंक को करोड़ों के नुकसान का आरोप
मुंबई। Axis Bank की शिकायत पर मुंबई पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंसेज विंग (EOW) ने Reliance Home Finance Limited और अनिल धीरुभाई अंबानी ग्रुप (ADAG) से जुड़े तत्कालीन निदेशकों और अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। यह FIR कफ परेड पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।
EOW सूत्रों के अनुसार, आरोपियों पर बैंक से 150 करोड़ रुपए का लोन लेकर उसे अन्य कंपनियों में ट्रांसफर करने और बाद में डिफॉल्ट करने का आरोप है। बैंक का दावा है कि पूरी साजिश वित्तीय लाभ और बैंक को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से रची गई थी।
बताया गया है कि यह मामला जनवरी 2010 से नवंबर 2019 के बीच का है। जांच एजेंसियों के अनुसार, लोन मंजूर कराने के लिए बैंक में फर्जी दस्तावेज और गलत वित्तीय जानकारियां जमा की गईं। RHFL की आर्थिक स्थिति को भी वास्तविकता से अलग दिखाया गया।
जांच में सामने आया है कि लोन की राशि जारी होने के बाद उसे ADAG ग्रुप से जुड़ी अन्य कंपनियों के खातों में डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद तय समय पर लोन की अदायगी नहीं की गई, जिससे बैंक को भारी वित्तीय नुकसान हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, एक्सिस बैंक की शिकायत पर ADAG समूह से जुड़ी कंपनियों के खिलाफ यह दूसरी FIR है। मामले में आगे की जांच जारी है और वित्तीय लेनदेन की परतें खंगाली जा रही हैं।









