- IIT बॉम्बे में सेकेंड ईयर छात्र साहिल वाकोडे की मौत
- परीक्षा में मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़े जाने की जानकारी
- प्रश्नपत्र की तस्वीर ChatGPT पर अपलोड करने का आरोप
मुंबई। IIT बॉम्बे में सेकेंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे की शुक्रवार शाम हॉस्टल के कमरे में मौत हो गई। साहिल महाराष्ट्र के यवतमाल का रहने वाला था और एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। संस्थान के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले उसे परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। इसके बाद शाम को वह हॉस्टल लौट गया, जहां बाद में वह कमरे में मृत मिला।
परीक्षा में मोबाइल से नकल की कोशिश का मामला
संस्थान की ओर से बताया गया कि साहिल परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। आरोप है कि उसने प्रश्नपत्र की तस्वीर लेकर उसे ChatGPT पर अपलोड कर नकल करने की कोशिश की थी। परीक्षा शाम चार बजे समाप्त होने के बाद वह हॉस्टल लौट गया था।
IIT बॉम्बे के मुताबिक, इस मामले में साहिल के खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने उससे बातचीत कर उसे समझाया था। साथ ही उसे यह भरोसा दिलाया गया था कि परीक्षा से जुड़ी इस घटना का उसके करियर पर असर नहीं पड़ेगा।
घटना के बाद छात्रों ने किया प्रदर्शन
छात्र की मौत की जानकारी सामने आने के बाद कैंपस में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। 400 से अधिक छात्रों के प्रदर्शन के बाद संस्थान के डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे ने छात्रों से मुलाकात की। छात्रों ने प्रशासन के सामने अपनी चिंताएं रखीं और मामले को लेकर जवाब मांगा।
मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाली गईं
छात्रों के विरोध और घटना के बाद IIT बॉम्बे ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को फिलहाल टाल दिया है। संस्थान ने साहिल की मौत पर गहरा दुख जताया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सात महीने में तीसरी छात्र मौत
बताया जा रहा है कि पिछले सात महीनों के दौरान IIT बॉम्बे कैंपस में छात्र की मौत का यह तीसरा मामला है। इससे पहले जुलाई में नया सेमेस्टर शुरू होने के बाद इसी हॉस्टल में बीटेक सेकेंड ईयर के 20 वर्षीय छात्र की मौत हुई थी। वहीं फरवरी में हॉस्टल-4 में सेकेंड ईयर के एक छात्र की मौत का मामला सामने आया था।









