
- बांदा में 45.4°C तापमान, एशिया में सबसे ज्यादा
- एक हफ्ते पहले यहीं 12°C का न्यूनतम तापमान भी हुआ था दर्ज
- यूपी के 16 जिलों में 40°C पार, लू का प्रकोप
देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में एशिया का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। खास बात यह है कि एक हफ्ते पहले 9-10 अप्रैल को इसी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 12°C तक पहुंच गया था।
उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में तापमान 40°C से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है, जिससे लू चल रही है। प्रयागराज और वाराणसी समेत करीब 50 शहरों में भीषण गर्मी का असर है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में हीटवेव चलने की आशंका है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई जिलों में तापमान 43°C के पार पहुंच चुका है। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए मध्य प्रदेश के 13 जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है।
वहीं ओडिशा के बोलांगीर, सुबर्णपुर और कालाहांडी जिलों में 21 अप्रैल तक सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया है।
हालांकि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में शुक्रवार को हुई हल्की बारिश से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन इसके बावजूद तापमान 40°C से ऊपर बना हुआ है।









