TMC विधायक के कार्यालय से 1.02 करोड़ रुपये बरामद

CM शुभेंदु का ममता-अभिषेक पर हमला-डायमंड हार्बर के सरिशा इलाके में पुलिस की कार्रवाई; TMC ने लगाया सबूत प्लांट करने का आरोप

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े एक कार्यालय से 1 करोड़ 2 लाख 79 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्यालय सरिशा इलाके में स्थित है और बागी TMC विधायक शमीम अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने बुधवार को नकदी बरामदगी की पुष्टि की।

डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक मजूमदार के मुताबिक, यह कार्रवाई अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित रॉय से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। रॉय कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में पुलिस हिरासत में है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद रकम के स्रोत और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि नकदी किसकी है और कार्यालय में किस उद्देश्य से रखी गई थी।

शुभेंदु अधिकारी ने ममता और अभिषेक बनर्जी पर लगाए आरोप

नकदी बरामद होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने राज्य का राजस्व हड़प लिया था और बरामद रकम बड़े भ्रष्टाचार का छोटा हिस्सा भर है।

अधिकारी ने तंज कसते हुए कहा कि यह पैसा उनके लिए कुछ भी नहीं है। यह उनकी रोज की कमाई थी। उन्होंने दावा किया कि राज्य में राजस्व की हेराफेरी हुई है और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, मुख्यमंत्री की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button