लखनऊ। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक और अखिलेश यादव के करीबी दीप नारायण सिंह यादव के ठिकानों पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने झांसी और लखनऊ में कुल सात स्थानों पर छापेमारी शुरू की। इनमें झांसी स्थित आवास सहित पांच ठिकाने और लखनऊ के दो फ्लैट शामिल हैं।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग, संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी को भी परिसर में आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। टीम दस्तावेजों की जांच के साथ पूर्व विधायक और उनके परिजनों से पूछताछ भी कर रही है।
दरअसल, वर्ष 2022 में झांसी विजिलेंस थाने में दीप नारायण सिंह यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज हुआ था। जांच में उन पर वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगा था। इसके अलावा उनके खिलाफ झांसी के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के कई मामले भी दर्ज हैं, जिनके आधार पर ईडी की जांच आगे बढ़ रही है।









