जंतर-मंतर पर 36 दिन तक चले आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब अपनी अगली रणनीति तय करने में जुट गई है। छत्रपति संभाजीनगर में पार्टी की कोर कमेटी की दो दिवसीय बैठक का बुधवार को दूसरा दिन है।
इन मुद्दों पर हो रही चर्चा
बैठक में संगठन विस्तार, देशभर में जनआंदोलनों की रूपरेखा, बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा व्यवस्था और नीट परीक्षा जैसे मुद्दों पर आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
फिलहाल चुनाव नहीं लड़ेगी CJP
पार्टी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल चुनावी राजनीति में हिस्सा नहीं लेगी। CJP दबाव समूह (प्रेशर ग्रुप) के रूप में काम करते हुए जनहित के मुद्दों को उठाएगी।
आज हो सकता है बड़ा ऐलान
गुरुवार दोपहर 2 बजे पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक में लिए गए फैसलों और भविष्य की रणनीति की जानकारी दे सकते हैं।
आंदोलन की सफलता पर चर्चा
बैठक के पहले दिन अभिजीत दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर आंदोलन इसलिए सफल रहा क्योंकि अलग-अलग विचारधाराओं के लोग एक साझा मुद्दे पर एकजुट हुए। उन्होंने बताया कि बैठक में ई-20 पेट्रोल, शिक्षा व्यवस्था और आगामी आंदोलनों की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।









