लखनऊ में सिर कूचकर महिला की हत्या, 24 घंटे में दो मर्डर से हड़कंप

मानसरोवर मार्केट में मिला महिला का शव

  • बारा-बिरवा की मानसरोवर मार्केट में बरामदे में मिला महिला का शव
  • मृतका की पहचान करीब 30 वर्षीय राधा के रूप में हुई
  • घटना के बाद साथ रहने वाला भोला नाम का व्यक्ति लापता

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक महिला की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बारा-बिरवा स्थित मानसरोवर मार्केट में मंगलवार सुबह करीब 30 वर्षीय महिला का शव लहूलुहान हालत में बरामदे में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच की और मौके से साक्ष्य जुटाए।

सिर पर गंभीर चोट के निशान

कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक मृत महिला की पहचान करीब 30 वर्षीय राधा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि महिला घुमंतू प्रकार की थी और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटना में शामिल व्यक्ति की तलाश कर रही है।

भोला नाम का व्यक्ति लापता

पुलिस के मुताबिक आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि राधा सड़क पर भोला नाम के व्यक्ति के साथ रहती थी। घटना के बाद से भोला लापता बताया जा रहा है।

पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले और बाद में घटनास्थल पर कौन-कौन लोग मौजूद थे।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों से महिला की गतिविधियों और घटना के समय वहां मौजूद लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर भी पुलिस जांच को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button