- ग्राहक की शिकायत के बाद FDA ने किया निरीक्षण
- किचन में कॉकरोच और मक्खियां मिलने का दावा
- फ्रिज में मांस का खून और स्टोरेज में मिलीं खामियां
मुंबई। मुंबई के मशहूर 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का फूड लाइसेंस महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। 16 सितंबर को ग्राहक की शिकायत मिलने के बाद FDA की टीम ने कोलाबा स्थित रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव, किचन की सफाई और फूड सेफ्टी से जुड़ी कई कमियां सामने आईं।
किचन और स्टोरेज एरिया में मिलीं गंभीर कमियां
FDA के अनुसार रेस्टोरेंट के फूड स्टोरेज एरिया और किचन में यूरिनल पाया गया। निरीक्षण के दौरान वहां कॉकरोच और मक्खियां भी मिलीं। फ्रिज में मांस का खून पाया गया। इसके अलावा कच्चे शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने के लिए उचित व्यवस्था नहीं थी।
फर्श पर रखा मिला खाना
जांच में खाद्य सामग्री को फर्श पर रखने और गंदे पानी के इस्तेमाल जैसी कमियां भी सामने आईं। FDA टीम को खाना तैयार करने के तरीके में भी स्वच्छता मानकों का पालन नहीं मिला। बर्तन धोने की जगह गंदी थी, जबकि खाना काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड भी खराब हालत में पाए गए।
35 फूड हैंडलर, 34 ने नहीं ली ट्रेनिंग
FDA के मुताबिक रेस्टोरेंट में कुल 35 फूड हैंडलर काम करते हैं। इनमें से 34 कर्मचारियों ने जरूरी फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी। जांच के दौरान पानी की अनिवार्य रिपोर्ट और सैनिटेशन रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
लाइसेंस बहाल होने तक नहीं बेच सकेगा खाना
जांच में मिली कमियों को देखते हुए FDA ने ओलंपिया कॉफी हाउस का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। लाइसेंस बहाल होने तक रेस्टोरेंट खाना खरीद, तैयार, स्टोर, बेच या वितरित नहीं कर सकेगा। कमियों को दूर करने और FDA की दोबारा जांच के बाद ही लाइसेंस को लेकर आगे फैसला किया जाएगा।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/tmc-name-symbol-freeze-rahul-gandhi/
1918 में शुरू हुआ था कॉफी हाउस
ओलंपिया कॉफी हाउस की शुरुआत वर्ष 1918 में हुई थी। यह मुंबई के पुराने और चर्चित कैफे में शामिल है। रेस्टोरेंट की पहचान शहर के ऐतिहासिक खानपान स्थलों में रही है। इसी साल जुलाई में हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड और मैट डेमन के साथ फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन भी यहां पहुंचे थे।









