सैन एंटोनियो। अमेरिका के सैन एंटोनियो में एक सैन्यकर्मी की करीब 170 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई। शनिवार को अलामोडोम स्टेडियम में फुटबॉल मैच शुरू होने से पहले वह रस्सी के सहारे नीचे उतरने का लाइव प्रदर्शन कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से जमीन पर गिर पड़ा। उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
23 हजार से ज्यादा दर्शकों के सामने हुआ हादसा
हादसे के समय स्टेडियम में 23 हजार से अधिक दर्शक मौजूद थे। दर्शक स्टैंड में बैठे थे और मैदान के पास एक बैंड भी मौजूद था। सैनिक के गिरने के बाद मैदान पर करीब 10 मिनट तक उसे प्राथमिक चिकित्सा दी गई। इसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। मृतक सैनिक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
अमेरिकी वायुसेना की ट्रेनिंग यूनिट में था तैनात
जानकारी के मुताबिक, सैनिक अमेरिकी वायुसेना की एक ट्रेनिंग यूनिट में तैनात था। कार्यक्रम में उसके अलावा तीन अन्य सैन्यकर्मियों को भी रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन करना था। हादसे के बाद अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रदर्शन के दौरान सैनिक का संतुलन कैसे बिगड़ा और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
10 मिनट की देरी से शुरू हुआ फुटबॉल मैच
हादसे के बावजूद फुटबॉल मैच रद्द नहीं किया गया। एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 10 मिनट की देरी के बाद मुकाबला शुरू हुआ। यह मैच सेना में सेवा दे चुके और वर्तमान में तैनात सैन्यकर्मियों के सम्मान में आयोजित किया गया था। इसमें यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट सैन एंटोनियो (UTSA) और नेवी की टीमें आमने-सामने थीं।









