नेपाल ने सिक्के से विवादित नक्शा हटाने का प्रस्ताव ठुकराया

एक रुपए के सिक्के पर विवादित नक्शा रहेगा

  • नेपाल राष्ट्र बैंक का प्रस्ताव सरकार ने लौटाया
  • बौद्ध मठ के साथ राष्ट्रीय नक्शा जोड़ने के निर्देश
  • विवादित नक्शे में कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा शामिल
  • मुस्तांग के ऐतिहासिक मठ को भी मिलेगी जगह

काठमांडू। नेपाल सरकार ने एक रुपए के सिक्के से विवादित राष्ट्रीय नक्शा हटाने का प्रस्ताव खारिज कर दिया है। इस नक्शे में भारत के लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा क्षेत्रों को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया है।

नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) ने पहले प्रस्ताव दिया था कि सिक्के पर छपे विवादित नक्शे की जगह मुस्तांग स्थित ऐतिहासिक लो घेकर मठ की तस्वीर लगाई जाए। हालांकि, यह जानकारी सार्वजनिक होते ही इसका विरोध शुरू हो गया।

विरोध के बाद संबंधित मंत्रालय ने नेपाल राष्ट्र बैंक को निर्देश दिया कि नए डिजाइन में बौद्ध मठ के साथ नेपाल का राष्ट्रीय नक्शा भी शामिल किया जाए। संशोधित डिजाइन को दोबारा मंजूरी के लिए भेजने को कहा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह प्रस्ताव वर्तमान सरकार के गठन से पहले तैयार किया गया था। इसका उद्देश्य नेपाल की मुद्रा पर देश की विभिन्न सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को स्थान देना था।

नेपाल राष्ट्र बैंक के अधिकारियों का कहना है कि देश के कई नोटों और सिक्कों पर पहले से पशुपतिनाथ मंदिर और जानकी मंदिर जैसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की तस्वीरें हैं। इसी कारण बौद्ध विरासत को भी प्रतिनिधित्व देने के लिए मुस्तांग के ऐतिहासिक लो घेकर मठ को चुना गया। माना जाता है कि इस मठ की स्थापना आठवीं शताब्दी में गुरु पद्मसंभव ने की थी और यह हिमालय क्षेत्र के सबसे प्राचीन बौद्ध मठों में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button