किम जोंग उन ने बेटी के साथ देखा मिसाइल टेस्ट

बोले- दुश्मनों के लिए बनेगा ‘लाइलाज सिरदर्द’- नॉर्थ कोरिया ने वॉनसान से दो कम दूरी की मिसाइलें दागीं

नॉर्थ कोरिया ने रविवार को नए हथियार सिस्टम का परीक्षण किया। सरकारी एजेंसी KCNA की ओर से जारी तस्वीरों में ह्वासोंग-11Ma हाइपरसोनिक मिसाइल के टेस्ट की जानकारी सामने आई है। नॉर्थ कोरियाई नेता किम जोंग उन अपनी बेटी के साथ इस परीक्षण को देखने पहुंचे। उन्होंने कहा कि नए हथियार का विकास देश की युद्ध तैयारियों को मजबूत करेगा और दुश्मनों के लिए ‘लाइलाज सिरदर्द’ पैदा करेगा।

दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक, नॉर्थ कोरिया ने पूर्वी तट के वॉनसान इलाके से करीब तीन घंटे के अंतराल पर दो कम दूरी की मिसाइलें लॉन्च कीं। दोनों मिसाइलें समुद्र में करीब 450 और 600 किलोमीटर तक गईं। जापान की सेना ने बताया कि मिसाइलें जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र यानी EEZ के बाहर समुद्र में गिरीं।

KCNA की तस्वीरों में ट्रकों से दो मिसाइलें लॉन्च होती दिखाई गई हैं। मिसाइलों के अगले हिस्से में शंकु जैसी आकृति और पंखनुमा हिस्से नजर आए। एक तस्वीर में किम जोंग उन निगरानी स्क्रीन देखते दिखाई दिए, जिस पर ह्वासोंग-11Ma का नाम लिखा था।

यह भी पढे़ : https://www.tamsasanket.com/honey-singh-badshah-casa-tupca-anthem/

नॉर्थ कोरिया पहले भी ह्वासोंग-11Ma को हाइपरसोनिक हथियार बता चुका है। हालांकि, इस परीक्षण के दौरान किम जोंग उन ने नए हथियार सिस्टम का नाम सार्वजनिक तौर पर नहीं बताया। परीक्षण को नॉर्थ कोरिया की सैन्य क्षमता और मिसाइल तकनीक के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button