अंबेडकरनगर। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को 23 केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 19,632 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए केंद्रों पर जांच और निगरानी की व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों को गहन तलाशी और बायोमेट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अकबरपुर के तीन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं।
पहली पाली में निर्धारित 9,816 परीक्षार्थियों में से 7,461 उपस्थित रहे, जबकि 2,355 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 9,816 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 7,646 ने परीक्षा दी और 2,170 अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों पालियों में कुल 19,632 परीक्षार्थियों में से 15,107 उपस्थित हुए, जबकि 4,525 परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई। पहली पाली में शामिल होने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कई अभ्यर्थी रात में ही पहुंच गए थे। सुबह होते ही परीक्षा केंद्रों के आसपास चाय और खानपान की दुकानों पर भीड़ जुटने लगी। अभ्यर्थियों के साथ आए लोगों की भी केंद्रों के आसपास आवाजाही बनी रही।
तय समय से पहले शुरू हुई जांच प्रक्रिया
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच के बाद प्रवेश दिया गया। तलाशी और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया के चलते केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से पहले गतिविधियां तेज रहीं। अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और निर्धारित नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों को प्रवेश देने पर जोर दिया।









