अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। जिले में अब तक 71.43 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों के ही आयुष्मान गोल्डन कार्ड बन सके हैं। आभा आईडी निर्माण में भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अकबरपुर के अर्बन कोऑर्डिनेटर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, जननी सुरक्षा योजना के भुगतान और सिजेरियन प्रसव की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति पर विभागवार चर्चा की गई। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान, आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन और नियमित टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की गई।
आयुष्मान योजना में 71.43 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनने की जानकारी पर सीडीओ ने शेष लोगों के कार्ड बनाने में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सभी पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराने के साथ लोगों को जागरूक करने को कहा।
जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में जिला अस्पताल और सीएचसी बसखारी की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। सीएचसी जलालपुर में सिजेरियन प्रसव की संख्या कम मिलने पर इसे बढ़ाने को कहा गया। एचबीएससी कार्यक्रम के तहत आशा कार्यकर्ताओं से शत-प्रतिशत गृह भ्रमण सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









