अगरतला। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के आशाबाड़ी गांव में मंगलवार को BSF के तीन जवानों पर भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में कंपनी कमांडर समेत तीन जवान घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस और BSF के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गांव के कुछ लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप था कि BSF जवानों ने एक स्थानीय निवासी के साथ मारपीट की है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि BSF का एक जवान तस्करी में शामिल है। इसी दौरान जवानों को ले जा रही एक गाड़ी नाकेबंदी वाली जगह पर पहुंच गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
गाड़ी रोककर लाठी-डंडों से किया हमला
आरोप है कि सड़क जाम कर रही भीड़ ने BSF की गाड़ी को घेर लिया और उसमें मौजूद जवानों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कंपनी कमांडर सहित तीन जवान घायल हो गए। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भीड़ ने BSF की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की और जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए कलामचौरा थाने ले जाया गया। पुलिस मामले में शामिल दूसरे लोगों की पहचान करने में भी जुटी है।
SP बोले- देश की सुरक्षा करने वालों के साथ ऐसी घटना शर्मनाक
सिपाहीजाला के एसपी बिजॉय देबबर्मा ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो जवान देश की सुरक्षा करते हैं, उनके साथ इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक है। मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी हमले की निंदा की है। उन्होंने अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद पुलिस और BSF के वरिष्ठ अधिकारी बॉक्सानगर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
CCTV फुटेज से हमले की जांच
हमले वाली जगह के सामने स्थित एक घर में CCTV कैमरा लगा हुआ है। माना जा रहा है कि कैमरे में घटना रिकॉर्ड हुई होगी। पुलिस और BSF ने जांच के लिए CCTV फुटेज जुटाए हैं। इनके जरिए हमले में शामिल लोगों की पहचान और घटनाक्रम की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बॉक्सानगर पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।









