अंबेडकरनगर। प्रदेशभर के शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों की जांच की खबरों के बीच जिले में भी हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को आलापुर, टांडा, भीटी, जलालपुर और अकबरपुर तहसीलों में नोटरी शपथपत्र बनवाने के लिए शिक्षकों की भीड़ जुटी रही। तहसील परिसरों में शिक्षकों की आवाजाही और नोटरी अधिवक्ताओं के यहां लगी कतारें चर्चा का विषय बनी रहीं।
बताया जा रहा है कि आरटीआई के तहत एक व्यक्ति ने प्रदेश के सभी शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों की छायाप्रतियां मांगी हैं। इसी प्रकरण को लेकर शिक्षकों से शपथपत्र बनवाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की एसटीएफ से जांच कराए जाने की संभावना की भी चर्चा है। हालांकि, जिले में इस संबंध में किसी आधिकारिक जांच कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
शिक्षकों के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी और डीएलएड समेत अन्य शैक्षिक प्रमाणपत्रों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अभिलेखों से संबंधित जानकारी जुटाए जाने की खबरों के बीच शिक्षक अपनी ओर से शपथपत्र बनवाने में जुटे रहे।
प्रदेश में करीब 5,500 शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों की जांच की खबरों ने भी इस मामले को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल जिले की पांचों तहसीलों में शपथपत्र बनवाने के लिए शिक्षकों की पहुंचने का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा।









