- गुवाहाटी से शिवसागर ले जाते समय हुई मुठभेड़
- आरोपी पर होटल में पांच लोगों की हत्या का आरोप, सब इंस्पेक्टर के पैर में भी चोट आई
गुवाहाटी। असम के शिवसागर जिले में बुधवार को पुलिस फायरिंग में गुवाहाटी होटल गोलीकांड के आरोपी घनकांत गोगोई की मौत हो गई। उस पर 26 अक्टूबर की रात एक होटल में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने एक सब इंस्पेक्टर की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की।
पुलिस ने दावा किया कि आरोपी की इस हरकत के बाद जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा के दाहिने पैर में भी चोट आई है।
शौच के लिए गाड़ी से उतरा, SI की पिस्टल छीनने लगा
SSP पापोरी चेतिया के मुताबिक, घनकांत गोगोई को शिवसागर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक पुराने मामले के सिलसिले में गुवाहाटी से शिवसागर लाया जा रहा था। रास्ते में फूलपनिचिगा इलाके में आरोपी ने शौच जाने की बात कही। पुलिस वाहन रुकने पर वह नीचे उतरा और इसी दौरान उसने सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की।
देबाशीष शर्मा इस मामले के जांच अधिकारी भी हैं। SSP के अनुसार, आरोपी प्रशिक्षित शूटर था। पिस्टल छीनने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान दो से तीन राउंड गोलियां चलीं, जिनमें से दो पुलिस वाहन में लगीं।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को काबू करने और पुलिस अधिकारी पर आगे हमला रोकने के लिए साथ मौजूद एक पुलिसकर्मी ने अपनी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की। इसमें घनकांत गोगोई घायल हो गया।
उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना में सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा के दाहिने पैर में चोट आई है। पुलिस की ओर से घटना को आरोपी द्वारा हथियार छीनने की कोशिश के बाद हुई जवाबी कार्रवाई बताया गया है।
26 अक्टूबर की रात होटल में चली थीं गोलियां
गुवाहाटी के एक होटल में 26 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे गोलीबारी हुई थी। पलटन बाजार पुलिस स्टेशन को होटल में कई राउंड फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तो चार लोग मृत मिले, जबकि दो लोग घायल अवस्था में थे।
घायलों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। इस तरह गोलीकांड में कुल पांच लोगों की मौत हुई, जबकि एक घायल का अस्पताल में इलाज जारी रहा।









