यूपी में कोहरे का कहर, 15 शहरों में छाई घनी धुंध; हरदोई सबसे ठंडा

हरदोई में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री पहुंचा, बिहार के पांच जिलों में बारिश का अलर्ट; दिल्ली में AQI 322 दर्ज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दिवाली के बाद से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और रात के समय कोहरा और धुंध बढ़ने लगी है। बुधवार सुबह संभल, हापुड़, बिजनौर और शामली समेत प्रदेश के 15 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। इससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हुई।

तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। हरदोई 13.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं, बरेली में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में भी बढ़ने लगी ठंड

मध्य प्रदेश में भी तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अमरकंटक और करौंदी में पारा 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

बिहार के पांच जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड पड़ रही है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने जमुई, मुंगेर और बांका समेत पांच जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली की हवा भी हुई बेहद खराब

मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार सुबह 6:30 बजे एम्स के आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 322 दर्ज किया गया। यह बहुत खराब श्रेणी में आता है।

AQI के मानकों के अनुसार, 201 से 300 के बीच हवा खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में मानी जाती है। ऐसे में दिल्ली की हवा लोगों के स्वास्थ्य के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button