पिथौरागढ़। भारत और नेपाल को जोड़ने वाले पिथौरागढ़ के अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर लगाए गए एक स्वागत बैनर को लेकर नेपाल में विवाद खड़ा हो गया। बैनर पर ‘नेपाल हिंदू राष्ट्र में स्वागत’ लिखा था। नेपाल सशस्त्र बल ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे देश के संविधान के खिलाफ बताया। इसके बाद पहले बैनर पर लिखे ‘हिंदू राष्ट्र’ शब्दों को पेंट से ढका गया और फिर उसे पुल से हटवा दिया गया।
मंदिर के मेले के लिए लगाया गया था बैनर
दरअसल, नेपाल के बैतड़ी जिले की दशरथ चंद नगरपालिका स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में 17 और 18 नवंबर को वार्षिक मेले का आयोजन होना है। मंदिर समिति की ओर से भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर बैनर लगाया गया था।
मंदिर समिति के संरक्षक प्रकाश सिंह थापा ने यह बैनर लगवाया था। इस पर ‘नेपाल हिंदू राष्ट्र में स्वागत’ लिखा गया था।
नेपाल सशस्त्र बल ने संविधान का दिया हवाला
बैनर की जानकारी मिलने पर झूलाघाट बीओपी के इंस्पेक्टर अनिल सुबेदी ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि नेपाल के संविधान में देश को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित किया गया है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय पुल पर ‘हिंदू राष्ट्र’ लिखकर बैनर लगाना संविधान और नियमों के खिलाफ है।
सशस्त्र बल की आपत्ति के बाद बैनर पर लिखे विवादित शब्दों को पेंट से ढक दिया गया। इसके बाद बैनर को पुल से हटाकर नेपाल सीमा के भीतर एक पीपल के पेड़ पर लगा दिया गया।
तीन साल से लगाया जा रहा था बैनर
मंदिर समिति के संरक्षक प्रकाश सिंह थापा ने बताया कि वह पिछले तीन साल से इसी तरह का स्वागत बैनर लगा रहे हैं। हालांकि, इस बार पहली बार नेपाल सशस्त्र बल की ओर से आपत्ति जताई गई है। बैनर को लेकर दोनों देशों की सीमा से जुड़े क्षेत्र में चर्चा हो रही है।









