- ईरान भेजे जाने के लिए पाकिस्तान के रास्ते जा रहे थे नागरिक
- अनुमति नहीं मिलने पर विमान एरिजोना लौटा, सभी को फिर इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर भेजा गया
एरिजोना/इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने मंगलवार को अमेरिका के एक डिपोर्टेशन विमान को अपने यहां उतरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में 9 ईरानी नागरिक सवार थे। इन्हें पाकिस्तान के रास्ते ईरान भेजने की योजना थी। पाकिस्तान की मंजूरी नहीं मिलने के बाद विमान अमेरिका के एरिजोना लौट गया। इसके बाद सभी ईरानी नागरिकों को दोबारा इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
उड़ान के 30 मिनट बाद ही लौट आया विमान
मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स फर्स्ट के मुताबिक, अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) का एक छोटा निजी विमान मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एरिजोना के मेसा शहर से रवाना हुआ था। विमान में 17 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी।
हालांकि, उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद ही विमान वापस लौट आया और मेसा में उतर गया। संगठन ने बताया कि पिछले एक साल में ICE की उड़ानों के दौरान ऐसे बहुत कम मामले सामने आए हैं, जब विमान उड़ान भरने के बाद वापस लौटा हो।
पहले भी 8 ईरानी नागरिकों की उड़ान रद्द हुई
ईरानी अमेरिकन लीगल डिफेंस फंड के मुताबिक, एरिजोना के ICE सेंटर में हिरासत में रखे गए ईरानी नागरिकों को एक सरकारी अधिकारी ने बताया था कि उन्हें पहले पाकिस्तान ले जाया जाएगा। वहां से उन्हें ईरान भेजा जाएगा।
संगठन की कार्यकारी निदेशक यास्मीन चुबिन ने बताया कि रविवार को भी कम से कम 8 ईरानी नागरिकों को विमान में बैठाया गया था। हालांकि, बाद में बिना कोई कारण बताए उनकी उड़ान रद्द कर दी गई।
अफगान और ईरानी नागरिकों को पाकिस्तान के रास्ते भेजने की योजना
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प प्रशासन इस महीने कम से कम दो ऐसे अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है, जिनके तहत अफगानिस्तान और ईरान के उन नागरिकों को वापस भेजा जाएगा, जिन्हें सीधे उनके देश नहीं भेजा जा सकता। इसी वजह से उन्हें पाकिस्तान के रास्ते भेजने की योजना बनाई गई है।









