अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज के कम्हरिया रोड पर मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। हादसे में जान गंवाने वाले सौरभ के पिता रमेश ने भी बुधवार भोर में सद्दरपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य लोगों का उपचार जारी है। दोनों बाइकों पर छह लोग सवार थे। इनमें से चार की मौत हो चुकी है।
शादी समारोह से लौटते समय काल बनकर आई दूसरी बाइक
जानकारी के अनुसार, आलापुर थाना क्षेत्र के मकरही गांव निवासी सौरभ अपने पिता रमेश और सहसा गांव निवासी रिश्तेदार ओमप्रकाश के साथ विशुनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। मंगलवार रात करीब नौ बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। वे जहांगीरगंज-कम्हरिया मार्ग पर सीएचसी के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज कि तीन ने मौके पर ही तोड़ दिया दम
दूसरी बाइक पर विशुनपुर बजदहा गांव निवासी राजकुमार, संजय निषाद और ओमप्रकाश सवार थे। आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार सभी छह लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में राजकुमार, संजय निषाद और मकरही निवासी सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सौरभ के पिता रमेश, सहसा निवासी ओमप्रकाश और विशुनपुर बजदहा निवासी ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।









