लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की सहायक आचार्य परीक्षा-2026 में 1,27,571 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए केंद्रों पर लाइव स्ट्रीमिंग, बायोमीट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी की व्यवस्था की जाएगी।
छह मंडल मुख्यालयों पर बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
परीक्षा आगरा, मेरठ, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी में आयोजित होगी। दो दिनों तक चलने वाली परीक्षा दोनों पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमीट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्रों की गतिविधियों पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए नजर रखी जाएगी।
मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शुक्रवार को परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए। इसके लिए केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती, कर्मचारियों का प्रशिक्षण और जरूरी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नकल और किसी भी तरह की अनियमितता रोकने के लिए अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। इसके अलावा परीक्षा की निगरानी और किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं परीक्षा से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।









