- गोपालगंज में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों का हंगामा
- पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी में लगाई आग
- पुलिस चौकी और बैरिकेड में तोड़फोड़
ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृहनगर गोपालगंज में रविवार को हिंसा भड़क गई। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी में आग लगा दी और एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के बैरिकेड भी तोड़ दिए और शहर की कई सड़कों पर कब्जा कर लिया।
तलवार और भाले लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारियों के हाथों में तलवारें और भाले भी थे। हिंसा के दौरान उन्होंने 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना की सरकार गिरने की याद में बनाया गया स्मारक भी तोड़ दिया। गोपालगंज में हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
हसीना की वापसी के ऐलान के बीच हिंसा
गोपालगंज को शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां हिंसा ऐसे समय हुई है, जब हसीना ने बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है।
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। इसके बाद शेख हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं।









