लखनऊ। गुरु पर्व के अवसर पर मंगलवार को राजधानी के अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं। सरकारी अस्पतालों में दोपहर 12 बजे तक ही मरीजों को देखा गया। वहीं, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (SGPGI) और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में नियमित ओपीडी पूरी तरह बंद रही।
हालांकि, मरीजों को परेशानी से बचाने के लिए सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चालू रखी गई हैं। गंभीर मरीजों के इलाज और अस्पताल में भर्ती की व्यवस्था भी सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगी।
सरकारी अस्पतालों में दोपहर 12 बजे तक OPD
लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि गुरु पर्व के चलते सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय सीमित रखा गया है। यहां दोपहर 12 बजे तक ही मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके बाद नियमित ओपीडी में मरीजों को नहीं देखा जाएगा।
इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे रहेंगी चालू
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि ओपीडी सेवाएं प्रभावित होने के बावजूद गंभीर मरीजों के इलाज में कोई बाधा नहीं आएगी। सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती करने और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था भी सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगी।









