धान खरीद के किसान पंजीकरण में गड़बड़ी का आरोप

दो हजार रुपये लेकर जमीन सत्यापन का दावा

  • भीटी तहसील में कर्मचारी राणा की भूमिका पर उठे सवाल
  • दूसरे खातेदारों की जमीन के आधार पर पंजीकरण कराने का आरोप; जिलाधिकारी से विशेष जांच की मांग

अंबेडकरनगर। सरकारी धान खरीद व्यवस्था में किसान पंजीकरण और भूमि सत्यापन को लेकर भीटी तहसील में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। शिकायत में तहसील के कर्मचारी राणा की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि किसान पंजीकरण के सत्यापन के नाम पर प्रति आवेदन दो हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। इसके बदले भूमिहीन लोगों को भी कागजों में लाखों की जमीन का मालिक दिखाकर किसान के रूप में पंजीकृत कराया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, राम सहाय यादव पुत्र बलिकरन के नाम से पंजीकरण के दौरान दूसरे खातेदारों की जमीन का विवरण भी कथित तौर पर जोड़ दिया जाता है। आरोप है कि राम सहाय नाम के दूसरे लोगों की भूमि का इस्तेमाल पंजीकरण के सत्यापन में किया जा रहा है। इसमें सिंह, वर्मा, तिवारी, दुबे और पांडेय उपनाम वाले खातेदारों की जमीन शामिल होने की बात कही गई है।

नाम की समानता के आधार पर जमीन जोड़ने का आरोप

शिकायत में सवाल उठाया गया है कि क्या भूमि सत्यापन के दौरान किसान का नाम, पिता का नाम और गाटा संख्या का सही मिलान किया जा रहा है? यदि बिना अभिलेखों की पूरी जांच के दूसरे खातेदारों की जमीन का इस्तेमाल हो रहा है तो यह राजस्व रिकॉर्ड के दुरुपयोग का मामला हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button