अम्बेडकरनगर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। सदरपुर गांव में आयोजित सेक्टर स्तरीय बैठक में पार्टी के अयोध्या मंडल के मुख्य जोन प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने कार्यकर्ताओं से बसपा को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में पार्टी को पूर्ण बहुमत दिलाकर मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाना है।
गरीबी और बेरोजगारी के मुद्दे पर दूसरे दलों को घेरा
दिलीप कुमार विमल ने कहा कि बसपा ने देशभर में गरीबों, मजदूरों, दलितों और पिछड़ों की आवाज उठाई है। उनका आरोप था कि दूसरे राजनीतिक दलों ने इन वर्गों का वोट लेकर सत्ता हासिल की, लेकिन इनके विकास के लिए ठोस योजनाएं लागू नहीं कीं। आजादी के इतने वर्षों बाद भी गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को दूर करने के लिए बसपा को राजनीतिक रूप से मजबूत करना जरूरी है।
बसपा शासनकाल के काम गिनाए
उन्होंने कहा कि बसपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में लाखों लोगों को सरकारी नौकरी दी गई। मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ अन्य सरकारी शिक्षण संस्थानों की स्थापना कराई गई। इसके अलावा बहुजन समाज में जन्मे संतों, गुरुओं और महापुरुषों के सम्मान में लखनऊ सहित कई जिलों में स्मारक बनवाए गए।









