अंबेडकरनगर। दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और तहसीलों में शांति समिति की बैठकें कर पूजा समितियों, ग्राम प्रधानों, डीजे संचालकों और स्थानीय नागरिकों से समन्वय बनाया गया। अधिकारियों ने जुलूस, यातायात और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जुलूस के लिए निर्धारित मार्ग का ही करें इस्तेमाल
बेवाना थाने में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक बेवाना, पूजा समितियों के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और डीजे संचालक शामिल हुए।
अधिकारियों ने कहा कि प्रतिमा स्थापना, पूजा कार्यक्रम, जुलूस और विसर्जन के दौरान तय नियमों का पालन किया जाए। जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका भी ध्यान रखा जाए। डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन स्थलों पर प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था
जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई बैठकों में भी पर्व की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। प्रकाश, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था समय से पूरी कराने को कहा गया।
जल बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ाने और किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने को कहा गया।
अफवाह से बचने और तत्काल सूचना देने की अपील
पुलिस और प्रशासन ने पूजा समितियों तथा स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने को कहा गया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/akbarpur-bsp-sector-meeting-backward-class/









