श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर बुधवार को पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर, कुलगाम, पहलगाम समेत संवेदनशील क्षेत्रों में मल्टी लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। एहतियात के तौर पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षाबलों के काफिलों की आवाजाही भी रोक दी गई है।
सुरक्षा कारणों से जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा भी एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। सीआरपीएफ ने रामबन में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्च अभियान चलाया, जबकि कुलगाम पुलिस ने एनएच-44 पर वाहनों और लोगों की पहचान संबंधी जांच तेज कर दी है।
प्रशासन ने बिना अनुमति रैली और धरना-प्रदर्शन पर रोक लगा दी है। दूसरी ओर नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस और पीडीपी सहित कई विपक्षी दल आज ‘ब्लैक डे’ मना रहे हैं। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को कैंडल मार्च निकालकर लोगों से विरोध दर्ज कराने की अपील की थी।
विपक्षी दल आर्टिकल 370 हटाने के फैसले का विरोध करते हुए जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा और पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं।









